spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Heavy Rainfall: झारखंड में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Related Posts

Jharkhand Heavy Rainfall: झारखंड में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Jharkhand Heavy Rainfall : राजधानी रांची (Ranchi), जमशेदपुर, गिरिडीह, लातेहार समेत पूरे झारखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश ने सड़कों और गलियों को जलमग्न कर दिया है। रांची के कई इलाकों में जलजमाव से पैदल राहगीरों, ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।

Jharkhand Heavy Rainfall: नदियों का जलस्तर बढ़ा

जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बाढ़ नियंत्रण कोषांग की रिपोर्ट के अनुसार, खरकई नदी खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर बह रही है, जबकि स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। चांडिल डैम और गालूडीह बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण तटीय और निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Jharkhand Heavy Rainfall: रांची में दुकानदारों की मुश्किलें

रांची के स्टेशन रोड पर दुकानदारों को जलजमाव के कारण रोजी-रोटी का संकट झेलना पड़ रहा है। नाली का पानी दुकानों के सामने जमा हो गया है, जिससे ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सिरमटोली चौक और रेलवे स्टेशन रोड पर जर्जर सड़कें और जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाया गया रेड कलर का खंभा भी टूटकर सड़क पर बिखर गया है। नगर निगम की मॉनसून तैयारी की पोल खुल गई है।

गिरिडीह और ग्रामीण इलाकों में आफत

गिरिडीह जिले में लगातार बारिश से वार्ड नंबर 11 सिहोडीह पटेल नगर की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाली का पानी घरों में घुस गया है। छोटे बच्चों को स्कूल जाने के लिए जलजमाव के बीच से गुजरना पड़ रहा है। वहीं मनिका विधानसभा क्षेत्र में विधायक रामचंद्र सिंह ने बरवाडीह प्रखंड प्रशासन को क्षति का आकलन करने और राहत पहुंचाने का निर्देश दिया है।

लातेहार में बारिश से कई घर क्षतिग्रस्त

लगातार हो रही बारिश ने लातेहार जिले के ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बरवाडीह प्रखंड में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं। मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए और नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। मंगलवार को विधायक प्रतिनिधियों ने क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश से फसलें भी प्रभावित हुई हैं और पशुपालकों को चारा की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने झारखंड के सात जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और वज्रपात के दौरान लोग खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। 6 सितंबर तक बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

Palamu Flood Alert: सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, हुसैनाबाद में अलर्ट

Latest Posts